दमोह। ग्राम कल्याणपुरा, तहसील पथरिया, जिला दमोह में भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर चल रहे विवाद में प्रशासन ने गुरुवार 10 सितंबर 2026 को बड़ी कार्रवाई की। तहसीलदार पथरिया श्री वृंदेश पांडे के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में संबंधित भूमि से दोबारा कब्जा हटाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।जानकारी के अनुसार ग्राम कल्याणपुरा स्थित खसरा नंबर 65/5, रकबा 0.15 हेक्टेयर भूमि पर कुछ असामाजिक तत्व द्वारा कथित रूप से कब्जा किए जाने के बाद संबंधित हिंदू परिवार द्वारा तहसील न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया गया था। परिवार के अनुसार विभिन्न न्यायालयों में प्रकरण में उनके पक्ष में निर्णय आने के बाद प्रशासन ने पुलिस बल की सहायता से 25 मई 2026 को बुलडोजर कार्रवाई करते हुए कब्जा हटाया था।आरोप है कि कार्रवाई के बाद असामाजिक तत्वों ने रातों-रात खेत की मेड़ हटाकर पुनः भूमि पर कब्जा कर लिया। इसके बाद परिवार द्वारा मामले को लेकर मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर का रुख किया गया। याचिका क्र. 25242/2026 में 6 जुलाई 2026 को पारित आदेश के बाद प्रशासन द्वारा भूमि पर पुनः कब्जा दिलाने की कार्रवाई की गई।प्रशासन की टीम जब 10 सितंबर 2026 को मौके पर पहुंची तो कथित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों द्वारा शासकीय कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों को धमकाने का प्रयास किए जाने की बात सामने आई। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई जारी रखी और बुलडोजर की मदद से कब्जा हटाया गया।इस कार्रवाई के बाद दमोह के कुछ हिंदू संगठनों ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। संगठनों ने ग्राम नरसिंहगढ़ क्षेत्र में सट्टा, नशे , शराब और शासकीय भूमि पर दुकान जैसे अवैध कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है। संगठनों का कहना है कि यदि ऐसे तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।प्रशासन की कार्रवाई के बाद संबंधित परिवार को भूमि पर कब्जा दिलाए जाने की प्रक्रिया पूरी की गई। मामले को लेकर क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है।