दुद्धी (सोनभद्र)। शनिवार को रिटायर एनटीपीसी कर्मचारी ने कोतवाली दुद्धी में प्रार्थनापत्र देकर अपने घर से चोरी होने की जानकारी दी है। प्रार्थी अनिता कुमारी निवासी ग्राम बीडर पोस्ट रजखड़ दुद्धी, ने बताया कि वह जून 2026 में रिटायर होकर रिहंद नगर में रह रही हैं।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि बीते दो दिन पहले अज्ञात चोरों ने ग्राम बीडर स्थित उनके घर का मुख्य गेट और चैनल तोड़कर घर में प्रवेश किया। आरोपियों ने शटर लॉक और अंदर के ताले तोड़कर आलमारी व अन्य सामान तोड़े खोले तथा कई वस्तुएँ और नकदी लेकर भाग गए।
प्रार्थी ने चोरी गई वस्तुओं में दो नए कम्बल, चार नए तौलिये, चार डबल बेड चादरें, तीन सिंगल बेड चादरें, कीबोर्ड व माउस सेट, कंप्यूटर कनेक्टिविटी के पूरे वायर सेट, प्रिंटर का वायर, चार डब्बों वाला स्टील टिफिन, इलेक्ट्रिक प्रेस तथा आलमारी से मिली नकदी लगभग पाँच हजार रुपये का उल्लेख किया है।
अनिता कुमारी ने कोतवाली प्रभारी से प्राथमिकी दर्ज कराकर जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वह घटना की लिखित सूचना को भी अग्रिम तौर पर दे रही हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक से संपर्क कर मामले की जांच तेज कर आरोपियों की तलाश शुरू कराने का अनुरोध किया गया है।वहीं चोरी के घटना से स्थानीय लोगों में सुरक्षा की चिंता बढ़ गई है।
