झाँसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी विकास कुमार के कुशल नेतृत्व में जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर मिशन शक्ति एवं ऑपरेशन जागृति अभियान के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में थाना प्रेमनगर क्षेत्र स्थित सेंट उमर कॉलेज में मिशन शक्ति टीम द्वारा छात्राओं एवं महिलाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर झाँसी सिमरन सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर तुलसीराम पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को डिजिटल अरेस्ट, साइबर फ्रॉड, फर्जी कॉल और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए गए।
मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को सलाह दी कि किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए भी जागरूक किया गया।
इस दौरान 1090 वूमेन पावर लाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस सेवा एवं 112 आपातकालीन सेवा सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने छात्राओं को सुरक्षा संबंधी किसी भी समस्या की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
