उरई(जालौन):
(अनिल कुमार ओझा/जिला ब्यूरो प्रमुख)
एडीजी ने एसपी कार्यालय में विभिन्न पटलों का बारीकी से निरीक्षण किया। कमियां पाये जाने पर व्यवस्थायें दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अनुपमा कुलश्रेष्ठ एवं आईजी झांसी रेंज आकाश कुलहरि ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय के विभिन्न पटलों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अभिलेखों और पत्रावलियों की जांच की। निरीक्षण के दौरान एडीजी ने संबंधित कर्मचारियों से लंबित प्रकरणों की जानकारी ली और उनके निस्तारण की स्थिति भी परखी। उन्होंने कार्यालय में रखे अभिलेखों के रखरखाव तथा कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान कुछ पटलों पर व्यवस्थाओं में खामियों पर अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभिलेखों को नियमित रूप से दुरुस्त रखा जाए और लंबित मामलों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। एडीजी ने पुलिस कार्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने, कार्यों में लापरवाही न बरतने और जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक डॉ ईशान सोनी भी मौजूद रहे।