झांसी। कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूली छात्रों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग, स्कूली वाहनों की फिटनेस और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में छात्रों की सुरक्षा के लिए सड़क सुरक्षा समिति का गठन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट के कोई भी छात्र-छात्रा दोपहिया वाहन से स्कूल न आए। साथ ही 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन स्कूली बसों में बालिकाएं आवागमन करती हैं, उनमें महिला अटेंडेंट की मौजूदगी अनिवार्य की जाए। विद्यालयों में संचालित सभी वाहनों की जांच कर अनफिट वाहनों को किसी भी स्थिति में सड़क पर न चलने दिया जाए। ऐसे वाहनों को सीज करने के साथ ही स्कूली वाहनों के निजी चालकों का पुलिस सत्यापन एवं चिकित्सीय परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पार्किंग व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। अपर जिलाधिकारी ने झोकन बाग स्थित बांस मंडी के पीछे खाली स्थान का नगर निगम, जेडीए एवं सीओ ट्रैफिक की संयुक्त टीम से निरीक्षण कराकर पार्किंग की संभावनाओं पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने नो पार्किंग एवं नो वेंडिंग जोन में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
ओवरलोडिंग के मामलों में भी प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जल्द ही एसओपी जारी की जाएगी, जिसके बाद ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी वाहन बिना नंबर प्लेट या ऐसी स्थिति में न मिले, जिसमें नंबर प्लेट गंदगी अथवा अन्य कारणों से स्पष्ट रूप से पढ़ी न जा सके।
ई-रिक्शा एवं ऑटो-रिक्शा की बढ़ती संख्या को देखते हुए चालकों एवं वाहनों की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ऑटो-रिक्शा पर आवश्यक जानकारी प्रदर्शित कराने तथा नगर निगम द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया।
अपर जिलाधिकारी ने स्टंटबाजी के मामलों में भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और स्टंट करने वालों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
बैठक में बड़ागांव क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारणों पर भी चर्चा हुई। अपर जिलाधिकारी ने एनएचएआई के अधिकारियों को क्षेत्र में चिन्हित लगभग 27-28 अवैध कटों को पूरी तरह बंद कराने तथा कार्रवाई की फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। एनएचएआई की ओर से बताया गया कि अवैध कटों को बैरियर एवं कंटीले तार लगाकर बंद कराया जा रहा है।
बैठक में अपर नगर आयुक्त राहुल कुमार यादव, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रजनीश गुप्ता, एआरटीओ हेमचंद गौतम, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी संदीप शर्मा, डीआईओएस रती वर्मा, एनएचएआई के अधिकारी, बस एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।