गुना में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शिविर में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनीं और विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।
शिविर में ई-केवाईसी, आधार, स्वास्थ्य सहित विभिन्न जनसेवाएं उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। एक प्रकरण में बलवीर सिंह ने सम्मान निधि की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। जांच में ई-केवाईसी अधूरी मिली, जिसे तत्काल पूरा कराया गया। बैंक स्टेटमेंट के माध्यम से उन्हें राशि जारी होने की जानकारी भी दी गई।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने बरखेड़ागिर्द की राशन दुकान का निरीक्षण कर राशन वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर बच्चों से संवाद किया और गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार किट वितरित की।
शिविर में ग्राम पगारा की ड्रोन दीदी किरण अहिरवार ने ड्रोन संचालन का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि वर्मी कंपोस्ट, जैविक खेती और नमो ड्रोन के माध्यम से वह लगभग 12 से 15 हजार रुपये प्रतिमाह की आय अर्जित कर रही हैं और अब तक 125 से अधिक किसानों को प्रशिक्षण दे चुकी हैं।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि जनसुनवाई और जन-विश्वास शिविर बड़ी योजनाओं जितने ही महत्वपूर्ण हैं। जनता की समस्याओं का गंभीरता और तत्परता से समाधान किया जाए और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाए।
उन्होंने बताया कि कैंट चौराहे से गुलाबगंज तक सड़क का डीपीआर तैयार हो चुका है और लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
प्रभारी मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनता को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। हर शुक्रवार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा जनता की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिला गुना से गोलू सेन की रिपोर्ट