जमीन की नींव भरने को लेकर विवाद, चार लोगों पर मारपीट व जानलेवा हमले का आरोप।
बदायूं ज़िले के थाना सहसवान क्षेत्र के गांव बक्सर में जमीन की नींव भरने को लेकर विवाद हो गया। गांव निवासी सुगढ़ सिंह ने चार लोगों पर लाठी-डंडे, फावड़ा, गड़ासा व धारदार हथियारों से हमला करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने थाने में दी गई शिकायत में बदलाव किए जाने का भी आरोप लगाया है।
पीड़ित सुगढ़ सिंह के अनुसार घटना 22 सितंबर 2026 की सुबह करीब नौ बजे की है। वह गांव के लोगों की मौजूदगी में अपनी जगह पर नींव भरवा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही होरी, चन्दकेश, सत्यपाल और रमेश के बेटे सतीश कथित तौर पर लाठी-डंडे, फावड़ा, गड़ासा और अन्य धारदार सामान लेकर मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने सुगढ़ सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी।
सुगढ़ सिंह को बचाने के लिए उनकी बेटियां गंगादेवी और रजनी तथा भाई कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे सभी के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आईं।पीड़ित परिवार के अनुसार शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कराया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी भविष्य में देख लेने और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।घटना के बाद सुगढ़ सिंह अपने घायल परिजनों के साथ थाना सहसवान पहुंचे और पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने तथा कानूनी कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार का आरोप है कि थाने में पुलिस ने उनकी ओर से दी गई शिकायत में बदलाव कराया।
इंस्पेक्टर सहसवान नरेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मुकदमा लिखा जा रहा है और मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
