मजदूर से मारपीट के बाद पेशाब पिलाने का आरोप, कार्रवाई न होने पर अधिकारियों से गुहार।
सहसवान (बदायूं)। थाना सहसवान क्षेत्र में एक मजदूर ने गांव के ही युवक पर पुरानी कहासुनी को लेकर रास्ते में घेरकर मारपीट करने, खुरपी से हमला करने और मारपीट के दौरान मुंह में पेशाब करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस को देने तथा मेडिकल परीक्षण कराए जाने के बावजूद आरोपी के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़ित का आरोप है वह मजदूरी करने के लिए खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही प्रदीप कुमार पुत्र अमर सिंह ने कथित तौर पर पुरानी कहासुनी को लेकर उसे रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर खुरपी से वार कर उसे जमीन पर गिरा दिया गया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसके बाद आरोपी उसकी छाती पर बैठ गया और उसके मुंह में पेशाब कर दी। मारपीट में उसके चेहरे और शरीर पर चोटें आने की बात कही गई है। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे बचाया। आरोप है कि लोगों को आता देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
पीड़ित का कहना है कि घटना की सूचना थाना सहसवान पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे चोटिल अवस्था में सरकारी अस्पताल भेजकर मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बावजूद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित ने प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कर आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज करने तथा आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पुलिस का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। मामले में पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्यवाही करेगी।
