बारीपदा, 23/09: युवाओं में उद्यमिता की भावना विकसित करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बारीपदा डिग्री कॉलेज एवं स्वावलंबी भारत अभियान के संयुक्त तत्वावधान में उद्यमिता प्रोत्साहन सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में कॉलेज के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।कॉलेज के प्राचार्य प्रबोध दे के मार्गदर्शन तथा अध्यापिका यशोमारानी दत्त की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में नए नवाचार, परियोजनाओं तथा स्वयं के उद्यम के माध्यम से युवा किस प्रकार उद्यमी बन सकते हैं, इस विषय पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के मयूरभंज जिला संयोजक इंजीनियर विजय कुमार दास, स्वावलंबी भारत अभियान के युवा संयोजक अभिजीत पंडा तथा अध्यापक यदुनाथ नायक ने भाग लेकर युवाओं से आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करने का आह्वान किया।वक्ताओं ने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला।इस अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा पुरस्कृत सफल किसान गोविंद महापात्र तथा सफल उद्यमी माधव साहू ने अपने-अपने संघर्ष और सफलता की कहानी छात्र-छात्राओं के समक्ष साझा की। उनके अनुभवों ने उपस्थित युवाओं को स्वयं का उद्यम शुरू करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ अध्यापक संजीव कुमार ने उपस्थित सभी अतिथियों, अध्यापक-अध्यापिकाओं तथा छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।