अशोकनगर।
ग्राम सहसूदी के छह मजदूरों के राजस्थान के नीमकाथाना क्षेत्र में फंसे होने की सूचना पर अशोकनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित मुक्त कराया और सकुशल घर वापस लाया।
स्थानीय जनप्रतिनिधि के माध्यम से मिली सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक अशोकनगर श्री राजीव कुमार मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मजदूरों की सुरक्षित वापसी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश के मार्गदर्शन और एसडीओपी चंदेरी श्री महेश शर्मा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी ईसागढ़ उपनिरीक्षक मनीष सिंह गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम राजस्थान रवाना हुई।
पुलिस टीम ने नीमकाथाना पहुंचकर स्थानीय कोतवाली पुलिस के साथ समन्वय कर ग्राम सहसूदी निवासी परमानंद आदिवासी, उमेश आदिवासी, जयसिंह आदिवासी, सुनील आदिवासी, निकिता आदिवासी और भगवत आदिवासी को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी को अशोकनगर लाकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
मजदूरों की सकुशल वापसी से लंबे समय से चिंतित परिजनों को राहत मिली और परिवारों में खुशी का माहौल बन गया। पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी महाराष्ट्र में फंसे मुंगावली क्षेत्र के 36 महिला, पुरुष एवं बच्चों तथा सोलापुर क्षेत्र से 35 मजदूरों को सकुशल वापस लाया जा चुका है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष सिंह गुर्जर, सउनि राम सिंह, प्रधान आरक्षक यशपाल सिंह एवं आरक्षक धर्मेंद्र दांगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।