लंबित विवेचनाओं और जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रविवार रात थाना रॉबर्ट्सगंज में नगर सर्किल के अर्दली रूम का आयोजन कर अपराध नियंत्रण, विवेचनाओं, जनसुनवाई, मिशन शक्ति और साइबर अपराधों की समीक्षा की। नगर सर्किल में थाना रॉबर्ट्सगंज और थाना चोपन शामिल हैं।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, वाचक पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण पर्वत समेत दोनों थानों के प्रभारी निरीक्षक, चौकी प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान एसपी ने लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना पत्रों और जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। महिला और बालिकाओं से संबंधित अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने तथा मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा और जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए साइबर ठगी की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने, पीड़ितों की धनराशि होल्ड या फ्रीज कराने के प्रयास करने और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और अन्य पोर्टलों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और वारंटों की तामीला सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा निरोधात्मक कार्रवाई बढ़ाने, हिस्ट्रीशीटरों और अराजक तत्वों पर निगरानी रखने तथा रात में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग तेज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अनुशासन, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करने का आह्वान करते हुए कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और जनता का विश्वास बढ़ाने को कहा।