झांसी। मऊरानीपुर में प्रांतीय मेला जल विहार के अवसर पर ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा “आध्यात्मिक सशक्तिकरण द्वारा खुशहाल जीवन का निर्माण” विषय पर सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. संदीप सरावगी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं ब्रह्माकुमारीज कल्याणपुर, कानपुर के डायरेक्टर राजयोगी बीके प्रकाश विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार भगवती प्रसाद सागर ने की।
मुख्य अतिथि डॉ. संदीप सरावगी ने कहा कि भारतीय संस्कृति की आत्मा सेवा, सम्मान, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना में निहित है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज की बहनों द्वारा समाज में आध्यात्मिक चेतना, आत्मिक शांति और मानवीय मूल्यों के प्रसार के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि समाज सेवा करना उनका परम धर्म है और बहनों का सम्मान करना उनका कर्तव्य है। डॉ. सरावगी ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने भीतर सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प ले, तो परिवार से लेकर पूरे समाज तक शांति, सद्भाव और खुशहाली का वातावरण बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में आध्यात्मिक चिंतन के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामाजिक मूल्यों का भी सुंदर समन्वय देखने को मिला।