खुर्जा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बॉलीवुड लेखक मुकेश कुमार मासूम ने उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व बुलंदशहर जिला प्रभारी सुरेश राणा से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच पार्टी संगठन, उसकी कार्यप्रणाली, नीतियों, जनसंपर्क और संगठनात्मक दायित्वों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान मुकेश कुमार मासूम ने सुरेश राणा को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। इस अवसर पर मासूम ने कहा कि संगठन में लंबे समय तक कार्य कर चुके वरिष्ठ नेताओं का अनुभव कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत होता है। अनुभवी नेतृत्व से मिलने वाली सीख कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारियों को अधिक गंभीरता, अनुशासन और समर्पण के साथ निभाने की दिशा दिखाती है। वहीं, जिला प्रभारी सुरेश राणा ने पार्टी संगठन की कार्यपद्धति, नीतियों और प्राथमिकताओं के संबंध में मुकेश कुमार मासूम से संवाद करते हुए मार्गदर्शन दिया। मासूम ने इस मुलाकात को अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि वे पार्टी के सिद्धांतों और अनुशासन का पालन करते हुए जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहेंगे।
गौरतलब है कि खुर्जा विधानसभा क्षेत्र (70) से भाजपा के टिकट की दावेदारी कर रहे मुकेश कुमार मासूम पिछले काफी समय से क्षेत्र में जनसंपर्क और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। इसी कड़ी में वरिष्ठ नेताओं से भेंट और संगठनात्मक मार्गदर्शन प्राप्त करने को वे अपने राजनीतिक व सामाजिक दायित्वों का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं। मुलाकात के अंत में उन्होंने सुरेश राणा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठों का स्नेह और अनुभव ही किसी कार्यकर्ता की सबसे बड़ी पूंजी होती है।