दुद्धी (सोनभद्र)। कस्बा रामनगर में सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे ग्रामीण बैंक के समीप एक अपाची और एक बजाज सिटी 100 बाइक की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें 108 एंबुलेंस से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार अपाची बाइक पर सवार तीन युवक गुलालझरिया से दुद्धी की ओर आ रहे थे। अपाची बाइक पर संजय कुमार गौड़ (18) पुत्र सीताराम निवासी धुरकी (झारखंड), सुरेश (23) पुत्र बासदेव निवासी रन्नू और प्रसिद्ध (23) पुत्र राम देव निवासी तुमिया थाना कोन सवार थे, जो आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
इसी दौरान सामने से आ रहे बजाज सिटी 100 बाइक सवार चंदन (40) पुत्र शिवमूर्त निवासी रेनुकूट से टक्कर हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि टक्कर के तेज आवाज से आसपास के लोगों के भारी भीड़ जुट गई ।हादसे में बजाज सिटी 100 सवार चंदन के बाएं पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि अपाची बाइक सवार तीनों को हल्की चोटें आईं। परिचितों ने बताया कि चंदन ग्राम झारो के पूर्व प्रधान धर्मेंद्र पाल के यहां आरो की मरम्मत के लिए जा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के ईएमटी विजय बहादुर मौर्या और चालक चंद्रशेखर मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तुरंत सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर विनोद सिंह की देखरेख में उनका इलाज जारी है।वहीं घटना के जानकारी पर डायल 112 पुलिस ने सीएचसी पहुंचकर जानकारी रिकॉर्ड दर्ज कर ली है और पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
