खुर्जा । विधानसभा क्षेत्र 70 खुर्जा में ढांकर रोड क्षेत्र में लंबे समय से जल निकासी की समस्या से जूझ रहे निवासियों के लिए नाला निर्माण की मांग उठाई गई है। मंगलवार को अपना दल (एस) के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राम सिंह एवं पार्टी के प्रदेश सचिव ठा. अमरपाल सिंह ने उपजिलाधिकारी (SDM) खुर्जा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और क्षेत्र की जनसमस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि ग्राम ढांकर (तहसील खुर्जा) में रोड के किनारे काफी आबादी बसी हुई है, लेकिन वहां पक्की नाली या नाला न होने के कारण घरों के पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इसके चलते जलभराव की गंभीर समस्या बनी रहती है। पदाधिकारियों ने बताया कि डॉ. राम सिंह के मकान से लेकर निजामपुर नाले तक नाली/नाले का निर्माण कराया जाना अत्यंत आवश्यक है। इस संबंध में पूर्व में प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले मंत्री आशीष पटेल द्वारा भी जिलाधिकारी बुलंदशहर को आवश्यक कार्यवाही हेतु संस्तुति पत्र भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी से जनहित में जल्द से जल्द रोड के किनारे नाला निर्माण कराने की मांग की है, जिससे क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।