खुर्जा। कारगिल शहीद दाता राम चौक से तेलीघाट रेलवे क्रॉसिंग तक सार्वजनिक शौचालय पर हुए अवैध कब्जे को हटवाने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और आवारा पशुओं से निजात दिलाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के प्रतिनिधिमंडल ने तहसील पहुंचकर एसडीएम (उपजिलाधिकारी) से मुलाकात की। संगठन ने मांगें पूरी न होने पर 1 अक्टूबर से दाता राम चौक पर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। भाकियू (अराजनैतिक) के मेरठ मंडल प्रभारी कैलाश भागमल प्रधान ने बताया कि क्षेत्र में इंटरलॉकिंग कार्य के बाद शौचालय के आसपास लोहे के खोखे और दुकानें बनाकर अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे राहगीरों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में पूर्व में भी नगरपालिका परिषद और जिलाधिकारी महोदय को शिकायत पत्र सौंपा गया था, परंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। संगठन ने ज्ञापन में स्पष्ट किया है कि यदि 1 अक्टूबर 2026 तक सार्वजनिक शौचालय से अवैध अतिक्रमण हटाने, शौचालय को स्वच्छ बनाने तथा आवारा पशुओं व कुत्तों को पकड़ने जैसी समस्याओं पर कार्रवाई नहीं की गई, तो किसान यूनियन दाता राम चौक पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने को मजबूर होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगरपालिका परिषद और प्रशासन की होगी।