इंडियन टीवी न्यूज नेशनल छत्तीसगढ़ न्यूज हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत कथित फर्जी क्लेम और अनियमितताओं की शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने के बाद मेड लाइफ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल और लोटस हॉस्पिटल एंडवांस यूरोलॉजी सेंटर का नर्सिंग होम एक्ट के तहत पंजीयन निरस्त कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रायपुर के श्री अनंत साईं हॉस्पिटल, श्री महावीर अस्पताल-मोवा, वरदान हॉस्पिटल, मेड लाइफ सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, लोटस हॉस्पिटल एंडवांस यूरोलॉजी सेंटर और रावतपुरा हॉस्पिटल में जांच एवं कार्रवाई की। टीम द्वारा आयुष्मान योजना के तहत भर्ती किए गए मरीजों और उनके नाम पर किए गए क्लेम से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही थी।
स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी डायरेक्टर इंद्रजीत बर्मन के अनुसार, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में गड़बड़ी की पुष्टि के बाद जांच कमेटी गठित कर अस्पतालों में छापामार कार्रवाई की गई थी। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान फर्जी मरीजों को भर्ती दिखाकर क्लेम करने और कमीशनखोरी से जुड़ी अनियमितताओं की पुष्टि होने की बात स्वास्थ्य विभाग ने कही है। मामले में विभाग द्वारा आगे भी दस्तावेजों और अन्य संबंधित अस्पतालों की जांच की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद आयुष्मान योजना के तहत किए जा रहे अस्पतालों के क्लेम और मरीजों के उपचार संबंधी रिकॉर्ड की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। विभाग की जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।
रायपुर | छत्तीसगढ़