दुद्धी (सोनभद्र)।विगत 150 वर्षों से अधिक समय से दुद्धी में विजयदशमी के अवसर पर मंचित होने वाली रामलीला की श्री रामलीला नाट्य कला परिषद के नए निदेशक प. सुरेंद्र मिश्रा बने हैं। महंत प. देवेंद्र मिश्रा ने सर्वसम्मति से यह जिम्मेदारी उन्हें सौंपी।
इस अवसर पर प. सुरेंद्र मिश्रा ने महंत से आशीर्वाद ग्रहण करते हुए आभार व्यक्त किया और आगमी 5 अक्टूबर से शुरू होने वाले रामलीला मंचन को और आकर्षक बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि पिछले एक माह से संकटमोचन मंदिर तथा तिवरान टोला स्थित शिव मंदिर में कलाकारों द्वारा रिहर्सल की जा रही है और सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।
सैकड़ों साल पुरानी परंपरा के अनुरूप इस बार भी रामलीला का मंचन किया जाएगा। उन्होंने दुद्धी की जनता से 5 अक्टूबर से दुद्धी तहसील परिसर में उपस्थित होकर रामलीला मंचन का आनंद लेने और पुण्य के भागीदार बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मैनेजर कमलेश सिंह, कमल, पवन सिंह, विनय सिंह, पप्पू, नित्यानंद मिश्रा, अजय कुमार, नीरज अग्रहरी, हरिहर प्रसाद, अक्षत कुमार सहित रामलीला नाट्य परिषद से जुड़े कलाकार मौजूद रहे।