झाँसी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार और जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रीमती कमलेश कच्छल के मार्गदर्शन में सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज (दतिया द्वार बाहर, झाँसी) में एक भव्य विधिक साक्षरता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सिविल जज (सी.डी.) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रीमती ईशा त्रिपाठी द्वारा विधिवत ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके उपरांत छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने “गांधी-शास्त्री अमर रहें” के नारों के साथ एक प्रेरणादायक प्रभात फेरी निकाली।
कानूनी अधिकारों और सुरक्षा पर विशेष जोर
शिविर को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती ईशा त्रिपाठी ने छात्राओं को पॉक्सो एक्ट 2012, बाल सुरक्षा एवं उनके विधिक अधिकारों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने ‘गुड टच और बैड टच’ के अंतर को समझाते हुए छात्राओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार या उत्पीड़न के खिलाफ निडर होकर आवाज उठाएं। उन्होंने साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक करते हुए इंटरनेट का उपयोग सावधानी से करने की सलाह दी।
इस दौरान उन्होंने आपातकालीन एवं सहायता नंबरों— राष्ट्रीय विधिक हेल्पलाइन (15100), चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), महिला हेल्पलाइन (1090) और आपातकालीन सेवा (112) की जानकारी दी और जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
विजेताओं को मिला सम्मान
कार्यक्रम के अंत में चित्रकला प्रतियोगिता की विजेता छात्राओं को सचिव श्रीमती ईशा त्रिपाठी द्वारा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से चीफ लीगल एड डिफेंस काउन्सिल प्रतीक समाधिया, डिप्टी काउन्सिल जितेन्द्र तिवारी, असिस्टेंट काउन्सिल दीपक मणि व अजय राठौर, वरिष्ठ लिपिक आदिल जाफरी, तथा पराविधिक स्वयंसेवक मान सिंह कुशवाहा उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार से डॉ. ए.के. सक्सेना, डॉ. कल्पना सिंह, डॉ. कल्पना वाजपेयी, मनोज चौरसिया, मीरा रायकवार, मानसी शुक्ला, कु. देवप्रिया खन्ना सहित समस्त शिक्षिकाएं, एनसीसी कैडेट्स और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।