दुद्धी (सोनभद्र)। शनिवार को आयोजित तहसील दिवस के दौरान दुद्धी बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने बार संघ अध्यक्ष कुलभूषण पांडे के नेतृत्व में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ को सात सूत्रीय मांगपत्र सौंपा है। अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में वादकारी कक्ष, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, सौर ऊर्जा तथा बार एसोसिएशन के सभागार की मरम्मत सहित विभिन्न जनहितीय मांगों का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की। जिलाधिकारी ने तहसील दिवस में शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया है।बार एसोसिएशन ने कहा कि कचहरी परिसर के गेट के दोनों ओर अधिवक्ता और वादकारी भीषण गर्मी, बरसात तथा कड़ाके की ठंड में टीन शेड के नीचे खुले एवं असुरक्षित ढंग से बैठकर कार्य करने को मजबूर हैं। इससे महिला-पुरुष वादकारियों के साथ आने वाले नवजात बच्चों और कई बार अधिवक्ताओं की तबीयत भी बिगड़ती है। साथ ही फाइल, बस्ते व अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं भी होती हैं।
इसके समाधान हेतु एसोसिएशन ने टीन शेड हटाकर उसके स्थान पर पर्याप्त क्षेत्रफल वाला, आवश्यक सुविधाओं से युक्त पक्का लिंटर्ड वादकारी कक्ष बनाने की मांग की।
अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर की चारदीवारी, गेट, प्रकाश व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग की। उनका कहना था कि इससे परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।
इसके अलावा कचहरी परिसर में मोटरसाइकिल एवं कार पार्किंग स्टैंड निर्माण की भी मांग रखी गई। वादकारियों की सुविधा के लिए न्यायालय परिसर में बने प्राचीन कुएं के चबूतरे व छाजन के निर्माण तथा सफाई कराने की भी अपील की गई।
दुद्धी बार एसोसिएशन ने क्षतिग्रस्त सभागार की मरम्मत कराकर फॉल सीलिंग, वॉल पेंटिंग, मार्बल सीट, हाईलाइटर, संपूर्ण इलेक्ट्रिक वायरिंग एवं एसी की व्यवस्था कराने को कहा। साथ ही कचहरी में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए पर्याप्त क्षमता के सोलर पैनल या सौर ऊर्जा व्यवस्था की स्थापना की मांग की गई।
बार एसोसिएशन ने बताया कि प्रत्येक मंगलवार लगने वाले अपर जिलाधिकारी के कैंप कोर्ट में अभिलेख अधिकारी की अपीलों की सुनवाई होती है। इसी कैंप कोर्ट में तहसील दुद्धी क्षेत्र के वादकारियों के लंबित स्टाम्प कमी तथा उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 30(2) से जुड़े मामलों की भी सुनवाई कराने की मांग की गई।
अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी से इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निराकरण कराने की अपेक्षा की। दुद्धी क्षेत्र जिला मुख्यालय से काफी दूर होने के कारण स्थानीय स्तर पर इन सुविधाओं का होना विशेष रूप से आवश्यक बताया गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ पहले भी दुद्धी क्षेत्र की समस्याओं एवं विकास संबंधी मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं। इस मौके पर प्रेमचंद यादव ,जितेंद्र श्रीवास्तव,नंदलाल अग्रहरि,उमेश चंद ,आनंद कुमार ,राकेश मद्धेशिया सहित काफी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।