फतेहगंज पश्चिमी।
हत्या के एक विचाराधीन मुकदमे में पैरवी और गवाही न करने का दबाव बनाने तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। टिटौली गांव निवासी सखावत नवी ने थाना फतेहगंज पश्चिमी में तहरीर देकर एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
सखावत नवी का कहना है कि उनके पुत्र की हत्या के मामले में गांव का वसीम पुत्र नफीस वर्तमान में जेल में निरुद्ध है और मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि चार अक्टूबर की शाम करीब 6:15 बजे वसीम का पिता नफीस उनके घर पहुंचा और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने कथित रूप से मुकदमे में पैरवी और गवाहों को गवाही न देने के लिए दबाव बनाया।
पीड़ित के अनुसार आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि “अभी तो एक को मारा है, अब मैं मारूंगा”, तथा पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। घटना के बाद से परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है।
सखावत नवी ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर विधिक कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली