15 दिसंबर तक चलेगा अभियान, छोटी नहरों की सफाई मनरेगा से होगी
सोनभद्र। नहरों और ड्रेनों की सिल्ट सफाई 15 अक्तूबर से 15 दिसंबर तक कराई जाएगी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित रोस्टर और स्थानीय जरूरतों के अनुसार काम कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य समय से और गुणवत्ता के साथ पूरा हो, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके और कृषि कार्य प्रभावित न हों।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने सफाई कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने छोटी नहरों यानी अल्पिकाओं की सफाई मनरेगा के तहत जॉब कार्डधारकों से कराने के निर्देश दिए। इस काम में मशीनों का प्रयोग नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नहरों की सफाई में लापरवाही न हो और काम तय समयसीमा में पूरा कराया जाए।