खैरगढ़ में मिशन शक्ति टीम ने छात्र-छात्राओं को किया जागरूक, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा के नेतृत्व में श्रीमती कंठ श्रीदेवी गर्ल्स इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 101 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग
खैरगढ़, फिरोजाबाद। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना खैरगढ़ के थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा एवं मिशन शक्ति टीम द्वारा श्रीमती कंठ श्रीदेवी गर्ल्स इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को 1090, 1098, 1076, 112, 108, 102, 101 और 1930 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। पुलिसकर्मियों ने समझाया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या आपातकालीन स्थिति में घबराने के बजाय संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
मिशन शक्ति टीम ने बालिकाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने, किसी भी अनुचित व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने तथा जरूरत पड़ने पर परिजनों, शिक्षकों और पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा और बाल अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
101 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग
विद्यालय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में कुल 101 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें 45 छात्र और 56 छात्राएं शामिल रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षा संबंधी अधिकारों, सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं तथा पुलिस सहायता की प्रक्रिया से परिचित कराना रहा।
ये अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा, एसएसआई एवं मिशन शक्ति प्रभारी नारायण दत्त तिवारी, उपनिरीक्षक ओमपाल सिंह, उपनिरीक्षक शिवम कुमार, उपनिरीक्षक परविंदर सिंह, महिला कांस्टेबल शैजल, कांस्टेबल भुवनेश्वर पटेल और कांस्टेबल नरेंद्र मौजूद रहे।
विद्यालय की ओर से प्रधानाचार्य जयवीर सिंह तथा अध्यापक भूपेंद्र कुमार, संतोष और महेश चंद्र ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि जरूरत के समय अधिक से अधिक लोग इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।