दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के दीघुल गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक 18 वर्षीय युवती के ट्रेन के सामने आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को सीएचसी दुद्धी से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर कर दिया गया है।
घायल युवती की पहचान लगभग 18 वर्षीय शाहीन पुत्री मुराद अहमद निवासी दीघुल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युवती अपने पिता से किसी बात को लेकर नाराज होकर घर से निकल गई थी। इसके बाद वह रेलवे क्रॉसिंग के समीप ट्रैक पर पहुंच गई और ट्रेन के पास आने पर वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सौभाग्य से वह ट्रेन की सीधी चपेट में नहीं आई, लेकिन उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
गेटमैन के माध्यम से घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महिला सिपाही सहित घटनास्थल पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवती को 108 एम्बुलेंस टीम के ईएमटी पंकज कुमार एवं चालक सुभाष के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाया गया।जहां चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने प्राथमिक इलाज किया।
पुलिस द्वारा परिजनों को सूचित किए जाने के बाद वे मौके पर पहुंचे। युवती की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी रेफर कर दिया गया। पुलिस घटना की जांच और आगे की औपचारिक कार्रवाई में जुटी है।