खुर्जा। स्थानीय जंक्शन स्थित श्याम फार्म हाउस में पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन, बुलंदशहर के तत्वावधान में एक दिवसीय ‘ओपन डिस्ट्रिक्ट पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप’ का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के आयोजक और उत्तर प्रदेश के स्टेट रेफरी व पावर लिफ्टिंग बुलंदशहर के जनरल सेक्रेटरी पिंटू राणा रहे। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता एवं एडवोकेट रंजना सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्य अतिथि एड. रंजना सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक शक्ति का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने के साथ ही उनमें नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनपद के युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर बुलंदशहर और देश का नाम रोशन करेंगे। साथ ही, उन्होंने खिलाड़ियों को खेलों के प्रति पूरी तरह समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के अलग-अलग भारवर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया: 105 किलोग्राम भारवर्ग: कुलदीप ठाकुर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ‘स्ट्रॉन्गमैन’ का खिताब अपने नाम किया। 59 किलोग्राम भारवर्ग: देवू (प्रथम), दीपांशु (द्वितीय) और नितीश (तृतीय)। 66 किलोग्राम भारवर्ग: यश जादौन (प्रथम), गोलू (द्वितीय) और पीयूष (तृतीय)। 74 किलोग्राम भारवर्ग: विष्णु (प्रथम), दिव्य (द्वितीय) और अंकित (तृतीय)। 83 किलोग्राम भारवर्ग: हिमांशु (प्रथम), अभिषेक (द्वितीय) और भारत (तृतीय)। ओपन महिला वर्ग: ऋतु (प्रथम) और प्राची (द्वितीय)।
आगामी नेशनल प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन। आयोजक पिंटू राणा ने जानकारी दी कि इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी विजेता खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय (नेशनल) प्रतियोगिता के लिए हुआ है। एड. रंजना सिंह ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए अपनी आत्मीय शुभकामनाएँ दीं।