बदायूं में दिनदहाड़े ग्राम प्रधान को मारी गोली, हालत गंभीर।

बदायूं। जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े ग्राम प्रधान इस्लामुद्दीन को बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। घटना में प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, उदयपुर गांव के ग्राम प्रधान इस्लामुद्दीन बगरैन से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
दिनदहाड़े गोली चलने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वजीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। फिलहाल गोली मारने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
