छात्र छात्राओं ने वाहन चालकों को बताए यातायात के नियम
♦ अरविन्द कुमार संवाददाता।
पिरोना (जालौन)। उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज-6’ के अंतर्गत मंगलवार को थाना ऐट अंतर्गत पिरोना चौकी क्षेत्र में सड़क सुरक्षा एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। मिशन शक्ति की मानक कार्यप्रणाली (SOP) के अनुपालन में पुलिस टीम ने श्री कृष्ण इंटर कॉलेज पिरौना के एनसीसी कैडेट्स एवं (छात्र-छात्राओं) के साथ मिलकर स्थानीय नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जिसमें कॉलेज से लेकर, विरगुवा खुर्द सड़क, पिरौना मार्ग एवं ओवर ब्रिज के नीचे सहित चौराहे पर उतरीं एनसीसी की टुकड़ियो ने ट्रैफिक पाठ सिखाया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने पहले छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों—जैसे हेलमेट व सीटबेल्ट का प्रयोग, ओवरस्पीडिंग न करना और संकेतों का पालन करने की जानकारी दी। इसके बाद कस्बे के मुख्य चौराहे पर एनसीसी कैडेट्स को पुलिस बल की देखरेख में तैनात किया गया कैडेट्स ने सड़क से गुजरने वाले दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को रोककर नियम पालन का संदेश दिया और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने में पुलिस का सहयोग किया।
जागरूकता रैली से गूंजा पिरोना कस्बा
इसके उपरांत थाना पुलिस और श्री कृष्ण इंटर कॉलेज के कैडेट्स ने संयुक्त रूप से पिरोना कस्बे में एक यातायात व जन-जागरूकता रैली निकाली। हाथ में जागरूकता की तख्तियां लिए छात्र-छात्राओं ने पूरे कस्बे का भ्रमण कर लोगों को सड़क सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया। पिरोना पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति-6 के तहत छात्राओं व युवाओं को साथ जोड़कर समाज में सुरक्षा और अनुशासन का माहौल तैयार किया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस और विद्यालय की इस अनूठी पहल की सराहना की। इस मौके पर थाना प्रभारी शिवशंकर सिंह, एसआई दिलीप कुमार, जितेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल बड़ेलाल, कॉस्टेबल विकास, महिला कांस्टेबल शोभन, आरती और बंदना विद्यालय स्टाप में एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट विक्रमादित्य सिंह यादव, प्रधानाचार्य चंद्रगुप्त मौर्य, डॉ महेश द्विवेदी, मुहम्मद नईम, विजय गौतम, हरिश्चंद्र वर्मा आदि मौजूद रहे।