बिहार मोतीहारी से अमरजीत सिंह
तीन डीएसपी और पांच थानों की पुलिस टीम ने की कार्रवाई, बेटा साहिल शर्मा गिरफ्तार; 15 करोड़ से अधिक मूल्य के डीड के कागजात जब्त
मोतिहारी। छतौनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए राकेश शर्मा के घर पर छापेमारी की। तीन डीएसपी के नेतृत्व में पांच थानों की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार, कारतूस, नकदी, शराब और जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान दो राइफल, दो पिस्टल, करीब 100 कारतूस, छह बोतल ब्रांडेड शराब और 27 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े 65 से अधिक डीड के कागजात भी जब्त किए गए हैं। इन दस्तावेजों का अनुमानित मूल्य 15 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है।
कार्रवाई के दौरान राकेश शर्मा के बेटे साहिल शर्मा को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब बरामद हथियारों, नकदी और जमीन से संबंधित दस्तावेजों की जांच में जुटी है। छापेमारी के बाद इलाके में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बरामद सामान की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। बरामद दस्तावेजों और अन्य सामान की पड़ताल के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।