उरई जालौन। जनता दर्शन में दिव्यांग बालिका श्रुति की शिक्षा का मुद्दा सामने आने के बाद जिला प्रशासन की पहल रंग लाने लगी है। जिलाधिकारी समीर बुधवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय, काशीराम कॉलोनी पहुंचे और श्रुति से मुलाकात कर उसकी पढ़ाई, उपस्थिति और सीखने के अनुभवों की जानकारी ली।
कुछ दिन पहले श्रुति अपने पिता के साथ जनता दर्शन में पहुंची थी। पारिवारिक परिस्थितियों और शारीरिक स्थिति के कारण वह औपचारिक शिक्षा से दूर थी। इस पर जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देश देकर उसका विद्यालय में दाखिला सुनिश्चित कराया था।
विद्यालय पहुंचकर डीएम ने श्रुति का उत्साह बढ़ाया और उसे सामान्य बच्चों के साथ नियमित पढ़ाई कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास केवल दाखिला कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि श्रुति की पढ़ाई लगातार जारी रहे और उसे किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने विद्यालय का निरीक्षण कर साफ-सफाई, सुरक्षित वातावरण और बेहतर शैक्षिक माहौल बनाए रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे पारिवारिक या आर्थिक परिस्थितियों के कारण बच्चों को शिक्षा से वंचित न रखें।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि हर बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने और अपनी प्रतिभा निखारने का समान अवसर मिलना चाहिए। जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से दूर न रहे और प्रत्येक बच्चे को उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने का अवसर मिले।