कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला बैतूल (मध्यप्रदेश)
बैतूल
जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश कुमार खरपुसे के मार्गदर्शन में रानीपुर पुलिस द्वारा डीजल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे एवं उनकी निशानदेही पर कुल 615 लीटर से अधिक डीजल बरामद किया गया है। प्रकरण में अन्य स्थानों से चोरी किए गए डीजल तथा उसके क्रय-विक्रय के संबंध में भी विवेचना की जा रही है।
घटना का विवरण
1. दिनांक 12.10.2026 को फरियादी राजकिशोर दुबे, निवासी ग्राम मुरैठा, थाना हनुमना, जिला मऊगंज ने थाना रानीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह घोड़ाडोंगरी स्थित डीबीएल टोल प्लाजा पर ट्रक क्रमांक MP 39 H 1309 चलाता है। दिनांक 07.10.2026 की शाम ट्रक में डीजल भरवाकर टोल प्लाजा पर खड़ा किया था। अगले दिन सुबह ट्रक के डीजल टैंक का ताला टूटा मिला तथा टैंक में डीजल नहीं था। जांच करने पर लगभग 180 लीटर डीजल चोरी होना पाया गया, जिसकी कीमत करीब 20,000 रुपये बताई गई। रिपोर्ट पर थाना रानीपुर में अपराध क्रमांक 238/2026, धारा 305(सी) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
2. संदिग्ध वाहन से पकड़े गए चार आरोपी: घटना की विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास तथा बस स्टैंड एवं टोल प्लाजा क्षेत्र में जानकारी एकत्र की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सालीढाना रोड पर बांसपुर गेट के पास भूरे रंग की महिंद्रा जायलो कार में कुछ संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे हैं। सूचना पर रानीपुर पुलिस एवं घोड़ाडोंगरी चौकी के स्टाफ ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन को रोका और उसकी तलाशी ली।
3. वाहन से मिलीं डीजल से भरी आठ केन: वाहन की तलाशी के दौरान पीछे के हिस्से में डीजल से भरी आठ केन मिलीं। इनमें पांच केन लगभग 50 लीटर तथा तीन केन लगभग 55 लीटर क्षमता की थीं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। सघन पूछताछ करने पर वाहन चालक विकास उइके ने पांडरा टोल प्लाजा तथा शाहपुर, बैतूल एवं मुलताई क्षेत्र में डीजल चोरी की घटनाओं में संलिप्तता बताई। पुलिस ने लगभग 415 लीटर डीजल, जिसकी कीमत करीब 41,500 रुपये है, जब्त किया।
4. अन्य स्थानों से भी बरामद हुआ चोरी का डीजल: आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने ग्राम बटकीडोह निवासी सुखरंजन सरकार के घर से लगभग 75 लीटर डीजल तथा ग्राम सातलदेही, गोलीपुरा निवासी मुकेश यादव के घर के सामने स्थित दुकान के बाजू के स्टॉक रूम से लगभग 180 लीटर डीजल बरामद किया। इस प्रकार विभिन्न स्थानों से कुल लगभग 670 लीटर डीजल जब्त किया गया। बरामद डीजल के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने तथा विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की गई।
5. संगठित अपराध सहित अन्य धाराएं जोड़ी गईं: विवेचना के दौरान संगठित रूप से अपराध किए जाने तथा चोरी की संपत्ति प्राप्त होने के संबंध में सामने आए तथ्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 111(2)(ख) एवं धारा 317(2) बीएनएस का इजाफा किया गया। आरोपियों से डीजल चोरी की अन्य घटनाओं तथा चोरी के डीजल के क्रय-विक्रय के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1. शिवबालक मर्सकोले, पिता जोगी मर्सकोले, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम डुलारा, थाना चोपना।
2. विकास उइके, पिता मिलाप उइके, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम डुलारा।
3. राजेश अहाके, पिता नंदलाल अहाके, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम डुलारा।
4. अनिल मर्सकोले, पिता प्यारे मर्सकोले, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम डुलारा।
आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपियों में से आरोपी अनिल मर्सकोले के विरुद्ध थाना रानीपुर में वर्ष 2010 में चोरी का अपराध, आठनेर में वर्ष 2022 में चोरी का अपराध, थाना छोटी ग्वालटोली इंदौर में वर्ष 2015 में चोरी का अपराध तथा थाना शाहपुर बैतूल में वर्ष 2024 में 309(4), 309(6) BNS का अपराध पंजीबद्ध है।
पुलिस की सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी रानीपुर निरीक्षक बबीता धुर्वे, चौकी प्रभारी घोड़ाडोंगरी आशीष कमरे सहित थाना रानीपुर एवं चौकी घोड़ाडोंगरी के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक बैतूल की अपील
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन ने वाहन चालकों, ट्रांसपोर्ट संचालकों एवं टोल प्लाजा प्रबंधन से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़ा करें तथा डीजल टैंक के लॉक एवं अन्य सुरक्षा उपायों की नियमित जांच करें। किसी भी वाहन से डीजल अथवा अन्य सामग्री की चोरी होने या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल 112 पर सूचना दें। चोरी का डीजल या अन्य संदिग्ध सामग्री कम कीमत पर खरीदने से बचें तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें। आमजन के सहयोग से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।