सकीट (एटा)। एटा जिले के सकीट क्षेत्र के गांव करीमपुर निवासी 30 वर्षीय ट्रक चालक विजय कुमार की मध्य प्रदेश के इंदौर में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
विजय कुमार पुत्र महेश चंद्र ट्रक चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाले विजय की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
दूसरे ट्रक से हुई थी टक्कर
स्थानीय लोगों के मुताबिक, विजय काफी समय से ट्रक चलाने का काम कर रहे थे। इंदौर में उनका ट्रक दूसरे ट्रक से टकरा गया, जिससे उनकी जान चली गई।
शव गांव पहुंचने पर अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों और परिचितों की भीड़ जुट गई। इसके बाद गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। विजय की मौत से परिवार ने अपना सहारा खो दिया है।