राजगढ़, 16 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को नगर परिषद तलेन में जनसमस्याओं के निराकरण के लिए शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। शिविर में विधायक नरसिंहगढ़ श्री नरसिंहगढ़ शर्मा, संभागायुक्त भोपाल संभाग श्री कर्मवीर शर्मा, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त आवेदनों और शिकायतों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को लेकर आवेदकों से वन-टू-वन चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर निराकरण की कार्रवाई की।
विधायक श्री शर्मा ने ग्रामीणों से आपसी सहमति और संवाद के माध्यम से विवादों का समाधान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद बढ़ाने के बजाय आपसी समझदारी से समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने भूमि संबंधी विवादों में अनावश्यक उलझने से बचने और बच्चों को शिक्षा से जोड़ने पर भी जोर दिया।
विधायक ने किसानों से रासायनिक खाद के अत्यधिक उपयोग से बचने तथा जैविक खेती को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रासायनिक खाद के अधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है। साथ ही बिजली बचत का संदेश देते हुए विद्युत संसाधनों का आवश्यकतानुसार ही उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन को रोजगार उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है।