*पंचायत आम चुनाव–2026: सेक्टर अधिकारियों को दिया निर्वाचन प्रक्रिया का प्रशिक्षण*
*जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के दिए निर्देश*
जोधपुर, 16 अक्टूबर। पंचायत आम चुनाव–2026 की तैयारियों के तहत शुक्रवार को सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिला कलेक्टर श्री आलोक रंजन ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए चुनाव के दौरान आने वाली विभिन्न चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने अधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य में सेक्टर अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। आगामी समय में उन्हें सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में भी जिम्मेदारियां निभानी होंगी। ऐसे में अपने कर्तव्यों, अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों की समुचित जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने चुनाव के दौरान उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों से निपटने के लिए सतर्कता, जिम्मेदारी एवं सूझबूझ के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
इससे पूर्व प्रशिक्षण शाखा प्रभारी कंचन राठौड़ ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कर्तव्यनिष्ठा, पूर्ण ईमानदारी एवं समर्पण भाव से निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के दौरान जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स ने पंचायत आम चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने निर्वाचन संबंधी नियमों, प्रक्रियाओं तथा चुनाव के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान के बारे में समझाया। साथ ही, ईवीएम की कार्यप्रणाली की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई।
- प्रशिक्षण में लगभग 70 सेक्टर अधिकारियों ने भाग लिया और निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों को आगामी पंचायत आम चुनाव–2026 के लिए दक्ष, सजग एवं जिम्मेदार बनाना रहा, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न कराई जा सके।
––00––