*बिहार मोतीहारी से अमरजीत सिंह*
सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा दुर्गा पूजा का त्योहार*
विधि व्यवस्था जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता*
**चिन्हित किए गए 833 स्थानों पर की गई है दंडाधिकारी,पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति*
**जिला के सभी छः अनुमंडलो में वरीय पदाधिकारी रखेंगे नजर*
**जिला स्तर से लेकर अनुमंडल स्तर पर बनाए गए हैं नियंत्रण कक्ष जो चौबीसों घंटे रहेंगे कार्यरत*
**जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा सम्पूर्ण जिलेवासियों को शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं**
दुर्गा पूजा के त्यौहार को शांतिपूर्ण वातावरण में सद्भाव के साथ संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के हस्ताक्षर से संयुक्तादेश जारी किया गया है जिसमें जिलाधिकारी ने कहा है कि दुर्गा पूजा के त्यौहार को सौहार्द पूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। इस दौरान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता विधि व्यवस्था रहेगी। जिला में कुल 833 स्थान को चिन्हित करते हुए वहां पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल प्रतिनियुक्ति की गई है एवं सभी पदाधिकारियों को इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहने का निर्देश दिया गया है। प्रशासनिक दृष्टिकोण से इस पर्व को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए काफी सतर्कता बरतने की जरूरत है। कभी-कभी अफवाहों के कारण गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है। डीएम ने कहा कि जिले में संवेदनशील स्थलों को चिन्हित किया गया है और वहां की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिलाधिकारी के द्वारा अनुमंडल अन्तर्गत निर्मित अस्थाई एवं स्थाई मूर्तियों/पूजा पंडालों की संख्या सहित विसर्जन की प्रस्तावित तिथि की जानकारी दी गई है। उसके अनुसार सदर मोतिहारी में 157 अस्थाई एवं 55 स्थाई मूर्तियां बिठाई गई हैं। इस तरह से चकिया में 175 अस्थाई तथा 30 स्थाई, पकड़ी दयाल में 88 अस्थाई तथा 08 स्थाई, सिकरहना में 101 अस्थाई तथा 06 स्थाई, रक्सौल अनुमंडल अंतर्गत 126 अस्थाई तथा 26 स्थाई एवं अरेराज अनुमंडल में 104 अस्थाई एवं 70 स्थाई मूर्तियां बैठाई जा रही हैं। इस प्रकार जिला में कुल 749 अस्थाई एवं 195 स्थाई मूर्तियों के बैठाने की सूचना प्राप्त है। जिलाधिकारी ने कहा कि दिनांक 21 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक विसर्जन करना निर्धारित किया गया है।
दुर्गा पूजा के त्यौहार को शांतिपूर्ण वातावरण में सद्भाव के साथ संपन्न कराने संबंधी सभी जरूरी निर्देश पूजा समितियां को दे दिए गए हैं। पूजा पंडाल में आम दर्शनार्थियों को सहयोग के लिए वॉलिंटियर्स रखने खासकर महिला वॉलिंटियर्स भी रखने का निर्देश दिया गया है ताकि महिला दर्शनार्थियों को कोई दिक्कत नहीं हो। पूजा पंडाल में फायर सेफ्टी का उपयोग, बड़े पंडालो के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार, विवादित स्थल पर मूर्ति स्थापना नहीं हो यह सुनिश्चित करना, निर्धारित तिथि और निर्धारित मार्ग से ही विसर्जन हो इसे सुनिश्चित करना, विवादित मार्गो से विसर्जन जुलूस नहीं निकले इसे सुनिश्चित करना, विसर्जन जुलूस में उत्तेजक नारे नहीं लगे तथा डीजे को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है। पूजा पंडाल के पास आतिशबाजी पर रोक लगा दी गई है।
जिला स्तर पर एवं अनुमंडल स्तर पर 24 घंटे कार्यरत कंट्रोल रूम बनाया गया है जो 17 अक्टूबर के पूर्वाह्न से 21अक्टूबर तक अथवा विसर्जन की समाप्ति तक कार्यरत रहेगा। इसके अतिरिक्त शहर के छतौनी चौक, छतौनी बस स्टैंड, कचहरी चौक, राजा बाजार, बलुआ चौक, रघुनाथपुर, गांधी चौक,मधुबन छावनी चौक, दुर्गा चौक, जानपुल चौक, चांदमारी चौक एवं ज्ञान बाबू चौक पर भी नियंत्रण कक्ष स्थापित कराई जा रही है। जिला के अन्य अनुमंडल में भी बड़े आयोजन वाले स्थान पर भी नियंत्रण कक्ष बनाया जा रहा है।
जिला के वरीय पदाधिकारियों को अनुमंडल स्तर पर पर्यवेक्षक के लिए अलग से प्रतिनियुक्ति की गई है। जिसमें सदर अनुमंडल के लिए अपर समाहर्ता पूर्वी चंपारण, सिकरहना अनुमंडल में उप विकास आयुक्त, अरेराज अनुमंडल में एडीएम लोक शिकायत, पकड़ीदयाल अनुमंडल में एडीएम विभागीय जांच, चकिया अनुमंडल में जिला बंदोबस्त पदाधिकारी एवं रक्सौल अनुमंडल में अपर समाहर्ता भू हदबंदी को जिम्मेवारी सौंपी गई है।
सभी अनुमंडल पदाधिकारी को संवेदनशील पूजा पंडालो के पास ऊंचे स्थानों पर वॉच टावर बनाने, सीसीटीवी कैमरा की अधिष्ठापन, फोटो कैमरा एवं वीडियो ग्राफर एवं ड्रोन की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया है कि सभी चिन्हित स्थलों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारी को 17 अक्टूबर के पूर्वाह्न से अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
सदर अनुमंडल मोतिहारी अंतर्गत कुल 232 स्थानो पर, सिकराहना अनुमंडल में 119 ,पकड़ीदयाल अनुमंडल अंतर्गत 111, अरेराज अनुमंडल अंतर्गत 92, चकिया अनुमंडल अंतर्गत 144 तथा रक्सौल अनुमंडल अंतर्गत 136 चिन्हित स्थानों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है जो आसपास की गतिविधियों पर नजर रखते हुए और आसूचना तंत्र को मजबूत करेंगे और छोटी सी छोटी घटना की जिला कंट्रोल रूम/अनुमंडल कंट्रोल रूम को सूचना देंगे जिस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त छतौनी बस स्टैंड स्थित पूजा पंडाल में निदेशक डीआरडीए डॉक्टर कुंदन कुमार एवं स्पोर्ट्स क्लब स्थित मेला में निदेशक डीआरडीए श्री जयराम चौरसिया की प्रतिनियुक्ति की गई है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डीजे को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है। अस्त्र शस्त्र के प्रदर्शन पर भी रोक लगाई गई है। जिला स्तर से लेकर अनुमंडल स्तर पर क्विक रिस्पांस टीम गठित की गई है जो सभी स्थितियों पर नजर रखेगी।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा संपूर्ण जिला वासियों से दुर्गा पूजा के त्यौहार को पूरे उमंग एवं उत्साह के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में सौहार्द्रपूर्ण तरीके से भाईचारे के साथ मनाने और पूजा पंडाल/ सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा एवं स्वच्छता के नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा सम्पूर्ण जिलेवासियों को शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं।
रिपोर्ट;अमरजीत सिंह