अनुमंडल कार्यालय पकड़ीदयाल का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
जिलाधिकारी श्री सौरव सुमन यादव के द्वारा आज अपर समाहर्ता श्री मुकेश कुमार सिंहा एवं सहायक समाहर्ता श्री राज कृष्ण झा के साथ अनुमंडल कार्यालय पकड़ीदयाल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय अनुमंडल पदाधिकारी सहित कार्यालय के सभी कर्मी उपस्थित थे।
कार्यालय जांच के दौरान सभी कर्मियों की उपस्थिति एवं उनके बायोमैट्रिक अटेंडेंस की जानकारी प्राप्त की गई।
जिलाधिकारी के द्वारा एक-एक कर्मी से उनका परिचय प्राप्त किया गया एवं उनके कार्यों की जानकारी ली गई।
कार्यालय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कार्यालय से प्राप्त पत्रों की जानकारी ली गई और इनका संधारण देखा गया, साथ ही इस पर की गई कार्रवाई के संबंध में पूछताछ की गई। जिलाधिकारी के द्वारा निर्देश दिया गया आगत पंजी का संधारण एवं कार्य आवंटन से संबंधित लॉग बुक सही ढंग से मेंटेन किया जाए एवं इसकी नियमित समीक्षा की जाए ताकी प्राप्त पत्र पर कार्रवाई लंबित नहीं रहे।
सरकार द्वार निर्धारित लक्ष्य “सबका सम्मान-जीवन आसान”को ध्यान में रखकर आमजन से प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए।
उपस्थित सभी कर्मियों को जिलाधिकारी ने कहा कि अपने कार्यों को जिम्मेदारी के साथ करें। सभी तरह के रिकॉर्ड को अच्छे से मेंटेन करें।
जिलाधिकारी द्वारा भूमि विवाद, न्यायालय के अभिलेख, नीलाम पत्र वाद के अभिलेख, विभिन्न पंजी इत्यादि का निरीक्षण किया और जनहित को प्राथमिकता देते हुए कार्य करने हेतु निर्देशित किया।
अनुमंडल कार्यालय आए लोगों से मिलकर जिलाधिकारी ने उनसे अनुमंडल कार्यालय आने का कारण पूछा एवं अनुमंडल पदाधिकारी को उनकी समस्याओं के निराकरण के संबंध में जरूरी निर्देश दिए गए।