राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों
को लेकर भाजपा की बैठक।
मोतिहारी। 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर आज सर्किट हाउस के सभागार में भाजपा जिला पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जिले में सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के तहत 17 सितम्बर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक बूथ एवं परिवार स्तर पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत अरेराज में मेगा स्वास्थ्य शिविर, युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविर, वृक्षरोपण किया जायेगा। ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों में विकसित भारत तथा 25 वर्षों की सेवा विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं ‘सेवा स्मरण’ के माध्यम से 25 वर्षों की सेवा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर संगीत और नाट्य प्रस्तुतियां की जाएंगी।
‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर माताओं एवं बच्चों की सहभागिता के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की वास्तविक सफलता की कहानियों को सामने लाया जाएगा।
इसी क्रम में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से गांव, जिला एवं राज्य स्तर पर जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा। ‘विकसित भारत 2047 का संकल्प’ के अंतर्गत युवाओं को राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ा जाएगा। वहीं वडनगर–वाराणसी यात्रा के तहत युवा मोर्चा के चयनित कार्यकर्ता पवित्र जल के साथ वडनगर से काशी तथा काशी से वडनगर की यात्रा करेंगे।
‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत नागरिकों को 25 सेवा गतिविधियों में से किसी एक गतिविधि में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। ‘सेवा सेतु’ अभियान के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं उनका लाभ लेने में सहायता उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।
‘सेवा के रंग/भारत मंडला’ कार्यक्रम के तहत रंगोली एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से विकसित भारत की थीम को प्रदर्शित किया जाएगा। हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज में युवा, विद्यार्थी, स्टार्टअप एवं इनोवेटर्स अपनी रचनात्मक सोच और नवाचार प्रस्तुत करेंगे। वहीं ‘जनसेवक महाकुंभ’ कार्यक्रम में पंचायत से लेकर संसद तक के जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
‘25 साल, 25 कहानियां’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा तथा देश की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ावों को विभिन्न माध्यमों से प्रस्तुत किया जाएगा।
बैठक के दौरान अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए नियुक्त अलग-अलग प्रभारियों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर चर्चा की गई।
बैठक में मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, बिहार राज्य मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, उप महापौर डॉo लालबाबू प्रसाद, मीना मिश्रा, सुधांशु रंजन, संजय चौधरी, नीता शर्मा, पंकज सिन्हा, गुलरेज शहजाद, सुधीर गुप्ता, पप्पू पाण्डेय, राजेश कुमार, राजू वर्मा, उत्तम मिश्रा, ओमप्रकाश सिंह, डॉo हेना चंद्रा, धर्मेंद्र कुमार, बबलू पासवसन, चंदन सिंह एवं सन्नी सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
रिपोर्ट,::अमरजीत सिंह