ITN National

इंडियन टीवी न्यूज

Advertisement

एस.वी. पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में रंगारंग प्रस्तुतियों से सजी सांस्कृतिक संध्या

```

जयपुर।

आदर्श नगर स्थित एस.वी. पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव 18 अक्टूबर 2026 को उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। समारोह की थीम ‘कलर्स ऑफ इंडिया’ रही, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने विभिन्न राज्यों की संस्कृति, लोककला और परंपराओं को नृत्य, गीत और देशभक्ति की प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर साकार किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जयपुर नगर निगम के महापौर श्री सुनील कोठारी थे। एन.सी.सी. कैडेट्स और पाइप बैंड ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उनका स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। सेंट मीरा ब्रदरहुड सोसायटी के अध्यक्ष श्री कमल वासवानी जी, सेंट मीरा ब्रदरहुड सोसायटी एवं मीरा गर्ल्स कॉलेज के सचिव डॉ. वाशदेव थावानी जी, सेंट मीरा ब्रदरहुड सोसायटी के वित्त सचिव एवं साधु वासवानी उच्च माध्यमिक विद्यालय के सचिव श्री रमेश गुरसहानी जी, सेंट मीरा ब्रदरहुड सोसायटी के संयुक्त सचिव श्री अशोक देवानी जी और एस.वी. पब्लिक स्कूल की प्राचार्या श्रीमती अल्पा मालविया जी ने मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया।

स्वागत उद्बोधन श्री कमल वासवानी जी ने दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, निरंतर परिश्रम करने और संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘माइलस्टोन-2026’ का विमोचन हुआ। शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि और प्रबंधन समिति के सदस्यों ने प्रमाण-पत्र, पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि श्री सुनील कोठारी जी ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय के प्रयासों की सराहना की और बच्चों को अनुशासन व लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। प्राचार्या श्रीमती अल्पा मालविया जी ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर वर्षभर की प्रमुख गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम का आरंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद गीत और स्वागत नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं। विद्यार्थियों ने कश्मीरी, सिंधी, शास्त्रीय, गुजराती गरबा, बंगाली, राजस्थानी घूमर और पंजाबी नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों से भारत की विविधतापूर्ण सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया। ‘चक दे इंडिया’ की देशभक्ति प्रस्तुति ने दर्शकों में जोश भर दिया। भव्य ग्रैंड फिनाले के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न हुआ।

अंत में उप-प्राचार्या श्रीमती मीतू टिक्कू जी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

जयपुर से ब्रजेश पाठक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *