कलेक्टर ने किया बड़वाह, भीकनगांव एवं झिरन्या विकासखंड का दौरा, विभिन्न निर्माण कार्यों का लिया जायजा
सीएम राइज स्कूल में विद्यार्थियों से किया संवाद, अपर वेदा बांध एवं नवघाट खेड़ी में निर्माणाधीन घाट का किया निरीक्षण
ग्राम मोहनखेड़ी, बमनाला और हीरापुर में जलभराव की समस्या पर तत्काल कार्रवाई, जल निकासी कर रास्ते किए दुरुस्त
खरगोन 18 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद ने शनिवार को बड़वाह, भीकनगांव एवं झिरन्या विकासखंड का दौरा कर विभिन्न निर्माण कार्यों एवं विकास गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नवघाट खेड़ी घाट स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल, नर्मदा नदी पर निर्माणाधीन घाट, सीएम राइज स्कूल भवन बड़वाह तथा अपर वेदा बांध का जायजा लिया। कलेक्टर श्री प्रसाद ने सीएम राइज स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी भी ली।
हीरापुर एवं मोहनखेड़ी में जल निकासी कर रास्ता किया दुरुस्त
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री प्रसाद ने हीरापुर से गुजरते समय पुलिया के पास ट्यूबवेल का पानी सड़क पर बहता देखा। पानी के कारण रास्ता खराब हो रहा था और आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कलेक्टर श्री प्रसाद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
निर्देशों के परिपालन में संबंधित अमले द्वारा तत्काल कार्य प्रारंभ कर पानी की निकासी की व्यवस्था की गई। साथ ही सड़क पर बने गड्ढों में मुरुम डालकर रास्ते को दुरुस्त किया गया, जिससे आवागमन में होने वाली परेशानी दूर हो सके।
बमनाला में भी तत्काल कराई जल निकासी
इसी प्रकार ग्राम पंचायत बमनाला से गुजरते समय कलेक्टर श्री प्रसाद ने सड़क पर पानी जमा होने की समस्या देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक व्यवस्था कर जलभराव दूर करने के निर्देश दिए। इसके बाद जल निकासी के लिए अलग से पाइप डालकर पानी की निकासी सुनिश्चित की गई।
ग्राम बमनाला में पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था के लिए पक्की नाली निर्माण का कार्य भी वर्तमान में प्रगतिरत है।
कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद ने निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उनके निर्देशों के पालन में मोहनखेड़ी, बमनाला एवं हीरापुर में तत्काल कार्रवाई कर आमजन के आवागमन से जुड़ी समस्याओं को दूर किया गया।
