कोरबा/आई.टी.ऐन नेशनल न्यूज़: कोरबा जिले के रजगामार में सात वर्षीय भव्या जोशी की मौत के मामले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। मामले में संदिग्ध आरोपी को पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। आक्रोशित ग्रामीणों ने रजगामार पुलिस चौकी पहुंचकर विरोध जताया और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी को सख्त सजा दिलाने की मांग की।
लापता होने के बाद झाड़ियों में मिला था शव
जानकारी के अनुसार भव्या 19 अक्टूबर को घर से किराना दुकान जाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। कई दिनों तक तलाश अभियान चलने के बाद करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों के पास उसका शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद से ही परिजनों सहित क्षेत्र के लोगों में शोक और आक्रोश का माहौल है।
संदिग्ध की हिरासत के बाद बढ़ा आक्रोश
पुलिस ने मामले में संदिग्ध अमित चौहान को हिरासत में लिया है। उसे बांगो के जंगल क्षेत्र से पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, मामले से जुड़े विस्तृत तथ्यों, गिरफ्तारी के आधार और साक्ष्यों को लेकर पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार है।



