बालोद: दो गांवों में जुए के अड्डों पर पुलिस की दबिश, 10 आरोपी गिरफ्तार; 13,350 रुपये जब्त
बालोद, 23 अक्टूबर 2026। बालोद जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुंडरदेही पुलिस ने ग्राम खुटेरी और ग्राम मोगरी खार में दो अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर 10 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने दोनों स्थानों से कुल 13,350 रुपये नकद और ताश की 104 पत्तियां जब्त की हैं। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई 21 अक्टूबर की रात ग्राम खुटेरी में एनीकट के पास बिजली के खंभे के नीचे की गई। यहां ताश की पत्तियों से रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेलने के आरोप में छह लोगों को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 2,550 रुपये नकद और ताश की 52 पत्तियां जब्त की गईं। इस मामले में अपराध क्रमांक 357/2026 के तहत धारा 3(2) में कार्रवाई की गई।
वहीं, दूसरी कार्रवाई 22 अक्टूबर की रात करीब 12:20 बजे ग्राम मोगरी खार में की गई। यहां जुआ खेलने के आरोप में चार लोगों को पकड़ा गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 10,800 रुपये नकद और ताश की 52 पत्तियां जब्त कीं। इस मामले में अपराध क्रमांक 358/2026 के तहत धारा 3(2), छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
खुटेरी से पकड़े गए छह आरोपियों में वासुदेव साहू (31), चुरामणि साहू (30), यादराम (38), उमेश साहू (30), गोपाल निषाद (42) और बेनीराम साहू (28) शामिल हैं। सभी ग्राम खुटेरी के निवासी हैं।
मोगरी खार से पकड़े गए चार आरोपियों की पहचान रतन लाल (45), निवासी ग्राम लाटाबोड़; सोमन्द्र साहू (29), निवासी ग्राम पैरी; डोमन सेन (40) और तामेश्वर साहू (39), दोनों निवासी ग्राम सांकरी के रूप में हुई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन और एसडीओपी गुंडरदेही श्रुति सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक रविषंकर पाण्डेय के नेतृत्व में की गई।
बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुआ सहित अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की जानकारी देने और अपराधों की रोकथाम में सहयोग करने की अपील की है।












