एटा। जिले के अलीगंज क्षेत्र में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने ज्वेलर्स कारोबारी को निशाना बनाकर कथित तौर पर लाखों रुपये के सोने-चांदी और नकदी से भरा बैग लूट लिया। कारोबारी के मुताबिक, बैग में करीब 10 किलो चांदी, 250 ग्राम सोना और एक लाख रुपये नकद रखे थे। उन्होंने लूटे गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 56 लाख रुपये बताई है। घटना के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
बाइक में कट मारकर गिराने का आरोप
घटना गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे अलीगंज-अचरा मार्ग पर किनौड़ी कट से पुराहार रोड की ओर हुई। पुराहार निवासी संजय यादव (43) की अलीगंज के मेवाती मोहल्ले में मस्जिद के पास मां सरस्वती ज्वेलर्स के नाम से दुकान है।
बताया गया कि दुकान बंद करने के बाद संजय यादव अपने भतीजे विकास के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। बाइक विकास चला रहा था और संजय पीछे बैठे थे। रास्ते में नीले रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाश पीछे से आए और उनकी बाइक में कट मार दिया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
कारोबारी के मुताबिक, बदमाशों में से एक ने उनकी कनपटी पर तमंचा लगाकर धमकाया और बैग छीन लिया। इसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। कारोबारी का कहना है कि बदमाश एक अन्य थैला भी ले गए, जिसमें दुकान का कांटा, साबुन और अन्य सामान रखा था।
सूचना पर पहुंची पुलिस, साक्ष्य जुटाए
घटना के बाद संजय यादव ने अपने छोटे भाई पिंटू को जानकारी दी, जो गांव के प्रधान भी हैं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। जांच एजेंसियां भी मामले की छानबीन में जुटी हैं।
खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें गठित
एसएसपी डॉ. इलमारन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया है। अधिकारियों के अनुसार, पुलिस पीड़ित की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल, कारोबारी द्वारा बताई गई सोने-चांदी की मात्रा और कुल कीमत की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास में जुटी है।
