सोनभद्र। आईएएसओडब्ल्यूए कार्यक्रम में जिले के स्थानीय उत्पादों की अलग पहचान बनी। इस अवसर पर ‘सोन अर्थ’ ब्रांड के गिफ्ट हैंपर अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को भेंट किए गए। इन उत्पादों में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित प्राकृतिक और पारंपरिक वस्तुएं शामिल थीं।
आकांक्षा समिति की अध्यक्ष आरुषि मिश्रा ने अधिकारियों को सोनभद्र के उत्पाद सौंपे। इस पहल से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के हुनर को बड़ा मंच मिला है। ‘सोन अर्थ’ ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को आकर्षक पैकेजिंग और बेहतर मार्केटिंग के जरिए बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी के प्रयासों की इस अवसर पर सराहना की गई। अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय उत्पादों की पहचान बढ़ने से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की आजीविका मजबूत होगी और उन्हें आर्थिक लाभ मिलेगा।
जल्द ही ‘सोन अर्थ’ ब्रांड का लोगो और प्रोमो भी लॉन्च किया जाएगा। इसके बाद सोनभद्र के प्राकृतिक एवं पारंपरिक उत्पादों की पहुंच अधिक बाजारों तक बढ़ने की संभावना है।

