Ji*भाकपा-माले ने बिजली विभाग के उजियारपुर जेई द्वारा कनेक्शन देने में मनमानी के खिलाफ 3 नवंबर से भूख-हड़ताल का लिया निर्णय।*
*उजियारपुर के प्रखंड कृषि पदाधिकारी के भ्रष्ट रवैए के कारण निर्धारित कीमत से अधिक मूल्य पर किसान उर्वरक खरीदने को मजबूर – फूलबाबू सिंह।*
*खाद्य सुरक्षा के लाभार्थियों को अडानी के गोदाम से सड़ा हुआ राशन डीलरों को आबंटित करने वाले ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की गारंटी हो – उमेश कुमार ।*
उजियारपुर 26 अक्टूबर 2026 । प्रखंड के महेशपट्टी पंचायत सरकार भवन में भाकपा-माले प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान की अध्यक्षता में प्रखंड कमेटी की बैठक में जनहित के योजनाओं में भ्रष्टाचार के खिलाफ जन गोलबंदी तेज करने का निर्णय लिया गया है। बैठक को संबोधित करते हुए पर्यवेक्षक के बतौर मौजूद जिला सचिव उमेश कुमार ने कहा कि मोदी और सम्राट चौधरी की सरकार सरकारी स्कूलों को लगातार बंद कर रही है विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं का घोर अभाव है भाकपा-माले स्कूल ठीक करो अभियान के तहत बुनियादी समस्याओं को तत्काल दुरूस्त करने की मांग करता है।
उन्होंने कहा कि उजियारपुर सहित पूरे जिला में खाद्य सुरक्षा के लाभार्थियों को सड़े हुए राशन ठेकेदार के द्वारा डीलरों को आबंटित किया जा रहा है और शासन-प्रशासन मौन है।
जिला स्थायी कमेटी सदस्य फूलबाबू सिंह ने कहा कि भाजपा-जदयू की सरकार में मंत्री-विधायक को अपने लिए अकूत संपत्ति अर्जित करने से मतलब है किसान-मजदूर परेशान हैं तो रहें कोई देखने वाला नही है। उजियारपुर बिजली विभाग के जेई नये कनेक्शन देने में मनमानी कर रहे हैं लोगों से नाजायज वसूली हो रही है। बिजली विभाग से जुड़े समस्याओं को तत्काल हल नही किया गया तो 3 नवंबर से उजियारपुर पॉवर ग्रीड के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख-हड़ताल शुरू किया जाएगा। उन्होंने उजियारपुर कृषि पदाधिकारी को आरोपित करते हुए कहा कि किसान खेती के लिए उर्वरक निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खरीदने को मजबूर हो गए है। साजिश के तहत फैक्स में खाद्य उपलब्ध नही कराया जा रहा है।
प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान ने कहा कि गरीबों को वासगीत जमीन का पर्चा नही मिल रहा है जमीनी विवाद को सुलझाने के बजाय उलझाया जा रहा है।आवास योजना की सूची से बहुतेरे जरूरतमंद परिवारों का नाम गायब है। सरकार के अधिकारी अपने जिम्मेदारी को पूरा करने में असक्षम है हमारे पास लड़ने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है। बैठक में प्रखंड कमेटी सदस्य हेमंत कुमार सिंह, तनंजय प्रकाश, महेश कुमार सिंह, नौजवान सभा के प्रखंड सचिव राहुल राय, मालती के उप-सरपंच सुधांशु प्रियदर्शी, विजय कुमार राम, पप्पू यादव, राम सुदीन सिंह,राम सगुन सिंह, राम भरोस राय, शंकर प्रसाद यादव,मो० उस्मान, छात्र संगठन आइसा के प्रखंड सचिव रोहित कुमार पासवान और मो० फरमान ने जनसमस्याओं को बैठक में उठाते हुए जनसंपर्क तेज करने पर जोर दिया है।
रिपोर्टर मोहम्मद अंजार
