झाँसी: विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत इलाहाबाद-झाँसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान के उपरांत मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को बुंदेलखंड महाविद्यालय के प्रांगण में रिटर्निंग ऑफिसर एवं मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं जिलाधिकारी गौरांग राठी की उपस्थिति में मतगणना कार्य से जुड़े माइक्रो ऑब्जर्वर, गणना सुपरवाइजर और गणना सहायकों को मतगणना की सूक्ष्म और विस्तृत जानकारी दी गई।
सुबह 6 बजे मतगणना स्थल पर पहुंचना अनिवार्य
रिटर्निंग ऑफिसर बिमल कुमार दुबे ने सभी गणना कार्मिकों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समयानुसार 27 अक्टूबर 2026 को प्रातः 06:00 बजे मतगणना स्थल बुंदेलखंड महाविद्यालय, झाँसी में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सबसे पहले टेबल पर मतपेटिकाएं लाई जाएंगी। कार्मिक पेटिकाओं की सील मतगणना एजेंटों को दिखाकर उनके प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) पर हस्ताक्षर अवश्य प्राप्त करें। इसके बाद मतपेटिकाओं से मतपत्र निकालकर उनकी संख्या की गणना की जाए और यह सुनिश्चित करने के लिए कि पेटी में कोई मतपत्र शेष नहीं है, खाली पेटी एजेंटों को दिखाई जाए। मतपत्रों की संख्या का फॉर्म-16 से मिलान करने के उपरांत एजेंटों के हस्ताक्षर लिए जाएं और बंडल बनाकर रिटर्निंग ऑफिसर टेबल पर भेजे जाएं।
पूर्ण पारदर्शिता और गोपनीयता रखने के निर्देश
मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि मतपत्रों की मिक्सिंग के बाद प्राप्त अमान्य (इनवैलिड) मतपत्रों को एजेंटों को दिखाने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर टेबल पर भेजा जाए। वहीं, मान्य मतपत्रों को प्रथम वरीयता के आधार पर वर्गीकृत कर प्रत्याशीवार ट्रे में रखा जाए। वरीयता का क्रम गणना एजेंटों की संतुष्टि के लिए उन्हें अवश्य दिखाया जाए। यदि किसी एजेंट द्वारा किसी ट्रे के मतपत्रों की पुनर्गणना का आग्रह किया जाता है, तो उनकी संतुष्टि के लिए पुनः गणना की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरी प्रक्रिया के दौरान उच्च कोटि की पारदर्शिता और गोपनीयता बरती जानी चाहिए।
14 टेबलों पर तीन पालियों में होगी मतगणना
सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बैठक में जानकारी दी कि मतगणना कुल 14 टेबलों पर तीन पालियों में संपन्न कराई जाएगी। प्रत्येक टेबल पर 4 मतगणना कार्मिक (आरक्षित सहित कुल 270 कार्मिक) तैनात किए गए हैं। उन्होंने सभी कार्मिकों को समय पर सभी प्रारूपों (Forms) को सही ढंग से भरने और एजेंटों से उनके पूरे नाम व पार्टी के नाम सहित हस्ताक्षर प्राप्त करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने यह भी घोषणा की कि मतगणना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को पुरस्कृत किया जाएगा।
परिसर रहेगा ‘नो स्मोकिंग जोन’, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतगणना परिसर को पूर्णतः ‘नो स्मोकिंग जोन’ घोषित किया गया है। परिसर के अंदर किसी भी प्रकार की ज्वलनशील या प्रतिबंधित वस्तु का प्रवेश वर्जित रहेगा, जिसका कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, मुख्य विकास अधिकारी/प्रभारी कार्मिक रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, जॉइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी, एडिशनल कमिश्नर कुंवर पंकज, एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, जिला विकास अधिकारी राजेश कुमार, प्रभारी एडीओ आर.के. पाल सहित अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
