राजगढ़। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर रविवार को राजगढ़ में वाल्मीकि समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। वाल्मीकि कॉलोनी से ढोल-डीजे के साथ शुरू हुई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालु धार्मिक ध्वज लेकर उत्साह के साथ आगे बढ़े और जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
शोभायात्रा खिलचीपुर नाका चौराहा स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर परिसर पहुंची, जहां पूजा-अर्चना, अभिषेक और आरती सहित धार्मिक अनुष्ठान किए गए। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया और उनके सामाजिक योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम के बाद सामूहिक भोज का आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। आयोजन के दौरान समाज में एकता, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संदेश दिया गया। समाजजनों ने महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को आत्मसात कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
