सोनभद्र । उत्तर प्रदेश जिला सोनभद्र हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर एवं को-जनरेशन विभाग में कार्यरत अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं राष्ट्रीय रेफरी रवि सिंह को 70वें नेशनल स्कूल गेम्स (SGFI) 2026 में रेफरी/तकनीकी अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए सम्मानित किया गया। जम्मू-कश्मीर सरकार के युवा सेवा एवं खेल विभाग की महानिदेशक (DG) अनुराधा गुप्ता ने उन्हें मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान सोनभद्र जिले, हिण्डालको रेणुकूट और उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के अंतर्गत आयोजित 70वें नेशनल स्कूल गेम्स की ताईक्वानडो प्रतियोगिता 22 से 26 अक्टूबर 2026 तक गांदरबल, श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर में आयोजित हुई। प्रतियोगिता में अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में रवि सिंह ने रेफरी/तकनीकी अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई। रवि सिंह ने अपनी उपलब्धियों का श्रेय अंतर्राष्ट्रीय रेफरी अतुल पंगोत्रा, मास्टर विनोद, अपनी माता और अपने स्वर्गीय पिता महामाया प्रसाद सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि उनके पिता आज उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद, संघर्ष और उनके सपने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। माता-पिता के सपनों को पूरा करना और देश, प्रदेश तथा अपनी कंपनी का नाम रोशन करना उनका सबसे बड़ा लक्ष्य है।उनकी सफलता यह संदेश देती है कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर समर्पण के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है। अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं राष्ट्रीय रेफरी के रूप में रवि सिंह की उपलब्धियां सोनभद्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
