सोनभद्र। रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल ने किया। उन्होंने परेड की सलामी लेकर जवानों की टोलीवार ड्रिल, दौड़ एवं शस्त्र अभ्यास का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान यूपी-112 एवं विभिन्न थानों से आए वाहनों की सघन चेकिंग की गई। इसके बाद परिवहन शाखा, क्वार्टर गार्द, मेस एवं बैरकों का निरीक्षण कर साफ-सफाई तथा भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया गया।
एएसपी (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल ने पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से फिट, अनुशासित एवं आमजन की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखा जाए।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की उपस्थिति रही। परेड के दौरान बल की अनुशासन, चुस्ती एवं त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता पर विशेष ध्यान दिया गया।
