सोनभद्र।अनपरा तापीय परियोजना द्वारा रिहंद बांध में राखयुक्त पानी डाले जाने के मामले में आज ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर ने जिलाधिकारी सोनभद्र चर्चित गौंड से मुलाकात की और पूरे मामले की जांच करने व पर्यावरण को नुकसान पहुंचाते हुए प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। आज नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में भी याचिका इस संबंध में भेजी गई। डीएम और एनजीटी से यह भी मांग की गई कि राखड़ बांध के कारण डूबे ग्रामीणों को मुआवजा दिया जाए और डिबुलगंज के संयुक्त चिकित्सालय को सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में तब्दील किया जाए। यह भी संज्ञान में लाया गया कि अनपरा परियोजना के निर्माणधीन ऐश डैम में लोकेल बोल्डर आदि का उपयोग हो रहा है और इसकी भी जांच करने की बात उठाई गई। कहा गया कि अनपरा और सिंगरौली औद्योगिक क्षेत्र में सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी के आदेश मजाक बनकर रह गए। बार-बार कहने के बावजूद खुलेआम रिहंद बांध में राखयुक्त पानी डाला जा रहा है। जिसके कारण लोगों को लंग्स कैंसर, लिवर कैंसर, न्यूरिटिक, अस्थमा, अनिद्रा और तमाम तरह की बीमारियों का शिकार होना पड़ रहा है। लोगों की प्राणों की रक्षा के लिए डीएम से पहल लेने का अनुरोध किया गया। इसके साथ ही लैंगिक वन प्रभाग रेणुकूट द्वारा जुगैल में तेंदूपत्ता की तुड़ाई करवाकर मजदूरों की मजदूरी का भुगतान न करने के मामले को भी डीएम के संज्ञान में लाया गया। जिला अधिकारी ने दोनों ही मामलों में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधि मंडल में जिला प्रवक्ता इंद्रदेव खरवार भी शामिल रहे।
