- भैंस चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार
छह चोरी की भैंसें बरामद, पिकअप और दो मोटरसाइकिलें जब्त; कर्नलगंज, परसपुर समेत चार थाना क्षेत्रों की घटनाओं का खुलासा
गोण्डा।। जिले में भैंस चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए कर्नलगंज कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छह चोरी की भैंसें, एक पिकअप वाहन, दो मोटरसाइकिलें और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य दिन में गांवों में घूमकर पशुओं को बांधने वाले स्थानों की रेकी करते थे और रात में मौका पाकर भैंसों को चोरी कर लेते थे।
पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर की रात संयुक्त टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की भैंसों को पिकअप में लादकर परसपुर की ओर से घाघरा घाट की तरफ ले जाया जा रहा है। दो मोटरसाइकिल सवार पिकअप की रेकी भी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने नकहरा चौराहे के पास बंधे पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर पिकअप चालक समेत कुछ लोग अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि पिकअप में सवार दो लोगों और दोनों मोटरसाइकिल चालकों को पकड़ लिया गया।
पिकअप की तलाशी में चार काली भैंसें बरामद हुईं। इसके बाद आरोपितों की निशानदेही पर जरवल कस्बे के पास कटी नाला स्थित आम की बाग के किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई दो अन्य भैंसें भी बरामद की गईं।
चार थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने कर्नलगंज, परसपुर, कोतवाली देहात और खरगूपुर थाना क्षेत्रों में भैंस चोरी की घटनाओं में संलिप्तता बताई। आरोपितों ने 24 अक्टूबर की रात कर्नलगंज क्षेत्र के घरकुइया गांव से दो भैंस, 22 अक्टूबर की रात परसपुर क्षेत्र के शाहपुर गांव से दो भैंस, 12 सितंबर की रात कोतवाली देहात क्षेत्र के रथवलिया गांव से एक भैंस और एक पड़िया तथा 26 सितंबर की रात खरगूपुर क्षेत्र के असिधा गांव से एक भैंस चोरी कर बेचने की बात बताई।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य दिन में गांवों में घूमकर उन स्थानों की पहचान करते थे, जहां लोग अपने दुधारू पशुओं को घर के बाहर बांधते हैं। रात में पशुओं को चोरी कर नदी के कछार और झाड़ियों में छिपा दिया जाता था। पर्याप्त संख्या में पशु एकत्र होने पर उन्हें पिकअप से दूर-दराज के पशु बाजारों में बेच दिया जाता था। बिक्री से मिली रकम आपस में बांट ली जाती थी। गिरोह के सदस्य एक-दूसरे के संपर्क में रहने के लिए मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते थे।
बाराबंकी, सीतापुर के रहने वाले हैं आरोपित
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चांद बाबू और फुरकान निवासी आलापुर, कोतवाली नगर, बाराबंकी; गौतम निवासी मोहद्दीपुर, महमूदाबाद, सीतापुर तथा दूबेराज उर्फ लक्ष्मण निवासी परवरभारी, बड्डूपुर, बाराबंकी के रूप में हुई है।
पुलिस ने चोरी की छह भैंसों के अलावा पिकअप वाहन संख्या यूपी 32 एसएन 3922, बिना पंजीकरण नंबर की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, यूपी 41 बीआर 6942 नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में से कुछ के विरुद्ध पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
