👉विद्यार्थियों को चार रंगों के डस्टबिन के उपयोग और “थ्रीआर” के महत्व की दी गई जानकारी….
परसपुर गोण्डा।। शिक्षा क्षेत्र परसपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलवा नोहर में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के तहत कचरा प्रबंधन एवं ई-वेस्ट जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को कचरे के उचित निस्तारण, पृथक्करण और पुनर्चक्रण के बारे में प्रयोगात्मक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को लाल, हरे, नीले और काले रंग के डस्टबिन के उपयोग के बारे में बताया गया। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक कचरे (ई-वेस्ट) को सामान्य कचरे से अलग रखने तथा उसके सुरक्षित निस्तारण की जानकारी दी गई। इस अवसर पर कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के बीच ई-वेस्ट प्रबंधन विषय पर क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विजेता विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया।
विज्ञान शिक्षक मनोज कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि ई-कचरा तेजी से बढ़ती पर्यावरणीय समस्याओं में शामिल है। मोबाइल, बैटरी और चार्जर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को इधर-उधर फेंकने से मिट्टी और जल प्रदूषित हो सकते हैं। इसलिए इनका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करना आवश्यक है।
प्रधानाध्यापक श्रवण कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के तीन मूल मंत्र थ्रीआर—रिड्यूस (उपयोग कम करना), रीयूज (पुनः उपयोग) और रीसायकल (पुनर्चक्रण) के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बच्चों से अपने घर और मोहल्ले में भी लोगों को कचरा अलग-अलग एकत्र करने के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के आयोजन में सहायक अध्यापक महेश कुमार एवं अखिलेश कुमार ने सहयोग किया।
